Mira Bhayandar के संशोधित विकास योजना (DP) में 164 बड़े बदलाव, सत्ता-विपक्ष आमने-सामने
- Jul 11
- 1 min read

Mira Bhayandar: शहर के भविष्य के विकास की दिशा तय करने वाली संशोधित विकास योजना (डीपी) में 164 बड़े बदलाव प्रस्तावित किए गए हैं। इन बदलावों में उद्यान, बाजार, बस डिपो, पार्किंग, सार्वजनिक सुविधाएं, डीपी सड़कों के लेआउट के साथ-साथ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ओपन थिएटर, अग्निशमन केंद्र और शिवसृष्टि के लिए नए आरक्षण शामिल हैं। इन प्रस्तावों पर चर्चा के लिए महानगरपालिका की विशेष महासभा आयोजित की गई है, जबकि नागरिकों से भी सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं।
इस प्रस्तावित योजना को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। सत्ताधारी पक्ष का कहना है कि ये बदलाव शहर के दीर्घकालीन विकास और बढ़ती आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखकर किए गए हैं। वहीं विपक्ष का आरोप है कि संशोधनों का उद्देश्य सत्ताधारी पक्ष को राजनीतिक लाभ पहुंचाना है। दूसरी ओर, कुछ समाजसेवियों का दावा है कि इन प्रस्तावित बदलावों का सबसे अधिक लाभ शहर के दोनों विधायकों को होगा।
अब इस संशोधित विकास योजना पर अंतिम फैसला महानगरपालिका की विशेष महासभा में होने वाली चर्चा और नागरिकों से प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों के बाद लिया जाएगा। शहर की नजर इस महत्वपूर्ण निर्णय पर टिकी हुई है।
संवाददाता :- महेश कनोजिया



